Homeदेशराजस्थानजोधपुर में दीया कुमारी ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, बोलीं-...

जोधपुर में दीया कुमारी ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, बोलीं- शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए

राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को जोधपुर स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू) के दीक्षारंभ सत्र 2026-27 और सावित्री बाई फुले छात्रावास के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।

दीया कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने करियर, व्यक्तित्व विकास और भविष्य की तैयारियों पर भी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न नीतियां तैयार कर रही है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और नीति निर्माण में उनके सुझावों को भी महत्व मिलना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें। वैश्विक घटनाक्रम, विज्ञान, खेल, समसामयिक विषयों और समाज में हो रहे बदलावों की जानकारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया जीवनभर चलती रहती है और हर व्यक्ति से कुछ नया सीखा जा सकता है।

सावित्री बाई फुले को बताया प्रेरणास्रोत

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले को प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सावित्री बाई फुले ने शिक्षा और महिलाओं के अधिकारों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

दीया कुमारी ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यदि बेटियों को समान अवसर और उचित मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत के युवा किसी भी देश के युवाओं से कम नहीं हैं और वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

राजस्थान की संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने की अपील

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, कला, हस्तशिल्प और विरासत को जानने और समझने का आग्रह किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि युवा प्रदेश और देश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक धरोहरों तथा पर्यटन स्थलों को दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने देश और अपनी संस्कृति पर गर्व होना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान दीया कुमारी ने एनएलयू परिसर में नवनिर्मित सावित्री बाई फुले छात्रावास का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. हरदीप कौर, रजिस्ट्रार डॉ. सुनीता पंकज, फैकल्टी सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ताज़ा ख़बरों के लिए प्रायन न्यूज़ से जुड़े रहें!

आर्यन जाखड़
आर्यन जाखड़https://www.prayanmedianetwork.com/
आर्यन जाखर एक भारतीय पत्रकार और उद्यमी हैं। वे डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और Pryan Media Network Group के संस्थापक हैं। इन्होंने Inc42 Media, India Today Group, Business Upturn समेत कई मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments