बोगोटा: लैटिन अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण अब तक कम से कम 77 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पश्चिमी कोलंबिया के कई शहरों में इमारतें गिर गईं और कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं। रॉयटर्स के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
इन क्षेत्रों में हुईं सबसे ज्यादा मौतें
स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रिसालदा प्रांत में सबसे ज्यादा 42 लोगों की मौत हुई है। वैले डेल काउका में 27, चोको में चार, मानिसालेस शहर में तीन और एंटीओकिया में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। अलग-अलग क्षेत्रों के मेयर और गवर्नर नुकसान एवं मृतकों से संबंधित जानकारी साझा कर रहे हैं।
भूकंप से प्रभावित कुछ इलाकों में मकान और व्यावसायिक इमारतें गिर गईं। सड़कों पर मलबा फैलने के कारण राहत कार्यों में भी परेशानी आ रही है।
सैन जोस डेल पालमार के पास था केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.4 थी। इसका केंद्र चोको प्रांत के सैन जोस डेल पालमार से लगभग पांच किलोमीटर पूर्व और जमीन से करीब 107 किलोमीटर नीचे था। भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 34 मिनट पर आया। शुरुआती रिपोर्टों में इसकी तीव्रता और गहराई को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए थे, लेकिन बाद में 7.4 तीव्रता की पुष्टि हुई।
बोगोटा से वेनेजुएला तक महसूस हुए झटके
भूकंप के तेज झटके राजधानी बोगोटा सहित कोलंबिया के कई बड़े शहरों में महसूस किए गए। लोग घबराकर अपने घरों, कार्यालयों और दूसरी इमारतों से बाहर निकल आए। झटकों का असर पड़ोसी वेनेजुएला के ताचिरा और बारक्विसिमेटो तक महसूस किया गया।
चोको की गवर्नर नुबिया कैरोलिना कॉर्डोबा कुरी ने बताया कि प्रांतीय राजधानी क्विबदो में कई लोग घायल हुए हैं और इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने लोगों को आफ्टरशॉक की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
कैली शहर में दो दर्जन से अधिक इमारतों के गिरने की सूचना है। कई लोगों के मलबे में फंसे होने के कारण बचाव अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने बोगोटा और मेडेलिन से अतिरिक्त आपदा राहत दल भेजने का अनुरोध किया है।
संरचनात्मक नुकसान की जांच के लिए पेरेरा, मानिसालेस, क्विबदो, आर्मेनिया, कार्टागो और ब्यूनावेंटुरा के हवाई अड्डों पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। अधिकारियों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना, घायलों को इलाज उपलब्ध कराना और क्षतिग्रस्त इमारतों से लोगों को दूर रखना है। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।




